Tuesday, March 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नुकसान के मुआवजे के लिए धरना-प्रदर्शन:ग्राहक पंचायत के सदस्य बोले, किसानों को सरसों में पाळे से नुकसान का मिले मुआवजा

श्रीगंगानगर. अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर धरना लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन सदस्यों का कहना था कि किसानों को पिछले दिनों तेज सर्दी के दौरान सरसों की फसल में पाळे से नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि कई जगह सर्वे की कार्रवाई भी नहीं हुई है। ऐसे में किसान परेशान हैं।

कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी

ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष मुकेश गोदारा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे इन लोगों का कहना था कि जिले में बड़ी संख्या में किसानों ने सरसों की फसल बोई है। सरसों की फसल जब पकाव पर थी, उसी दौरान तेज सर्दी और पाळे से फसलों को नुकसान हो गया। इससे इलाके के खेतों में कई जगह किसानों की मेहनत खराब हो गई है। इस बारे में किसानों ने कई बार प्रशासन को जानकारी भी दी लेकिन प्रशासन ने इस पर पूरी गंभीरता नहीं दिखाई।

इस अवसर पर हुई सभा में संगठन के जिलाध्यक्ष गोदारा ने कहा कि सरकारें किसान की बात नहीं सुन रही हैं। अगर ऐसा हुआ तो किसान के पास अपनी बात सुनाने के लिए ताकत है। प्रदर्शन में इकबाल सिंह, बलदेव सिंह, भरत खोथ, नरसीराम, मनीष, महेंद्रप्रताप सहित कई लोग मौजूद थे।