Saturday, January 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नाचते गाते हुआ महिषासुरमर्दिनी का विसर्जन:देवी के दर्शन के लिए उमड़े लोग, डी ब्लॉक से रवाना हुई शोभायात्रा

श्रीगंगानगर
श्री दुर्गा पूजा एकता सेवा समिति की ओर से डी ब्लॉक में गांधी पार्क के सामने स्थापित देवी दुर्गा के महिषासुर मर्दिनी स्वरूप का गुरुवार को बारहमासी नहर में विसर्जन किया गया। इसे लेकर समिति कार्यकर्ताओं में सुबह से उत्साह था। सुबह करीब आठ बजे से ही डी ब्लॉक में दुर्गा पूजा पंडाल में लोग जुटने लगे। सुबह देवी की पूजा अर्चना की गई। देवी से सभी के मंगल की कामना की गई और इसके बाद शुरू हुई शोभायात्रा।
वाहन में सवार हुई मां दुर्गा
मां दुर्गा के भक्त पिछले नौ दिन से लगातार आराधना में जुटे थे। इस दौरान अलग-अलग तरह के प्रसाद देवी को अर्पित किए गए। यज्ञ और जागरण का आयोजन किया गया। बुधवार को दशहरे के दिन भी बड़ी संख्या में लोग देवी के पंडाल में दर्शन के लिए पहुंचे। गुरुवार को सुबह से देवी के विसर्जन की तैयारियां शुरू कर दी गईं। पूजा अर्चना के बाद करीब छह ट्रॉलियों में देवी के स्वरूप स्थापित किए गए। सबसे आगे लोग रंग गुलाल उड़ाते चल रहे थे। ये लोग डीजे की धुन पर थिरक रहे थे वहीं इसके पीछे ट्रॉली पर मां दुर्गा को स्थापित किया गया। इसके पीछे की ट्रॉलियों पर महादेव, मां सरस्वती, गणपति, भगवान कार्तिकेय सहित विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई।
भजनों की धुन पर थिरके लोग
देवी के विसर्जन के लिए निकली शोभायात्रा में लोग भजनों की धुन पर थिरकते दिखे। इन लोगों ने खूब रंग गुलाल उड़ाया। शोभायात्रा के अंत में लोग ट्रॉली पर भजन कीर्तन करते हुए दिखे। दुर्गा पूजा एकता सेवा समिति के इस आयोजन से बंगाल और बिहार मूल के लोग जुड़े हुए हैं। ये लोग दुर्गा पूजा से कई दिन पहले इसके लिए तैयारियां शुरू कर देते हैं।