सरस्वती कन्या महाविद्यालय में फेयरवेल पार्टी का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के सरस्वती कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत में सीनियर छात्राओं की ओर से शनिवार को फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इस पार्टी में छात्राओं ने जमकर धमाल मचाया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. श्याम सुन्दर शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। समारोह में सीनियर छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इस दौरान स्टाफ के मध्य कई प्रतियोगिताएं भी करवाई गर्इं। प्राचार्य डॉ. श्याम सुन्दर शर्मा ने नवप्रवेशित छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी हमारे समाज व देश के भविष्य हैं। समाज में अहम भूमिका निभाने वाले युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करना वह आगे बढ़ाना हमारा दायित्व है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें कठोर परिश्रम कर राष्ट्र हित में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। प्राचार्य ने छात्राओं को समझाया कि ज्ञान का अर्जन कैरियर के लिए कितना महत्व रखता है। विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई जिंदगी में बहुत मायने रखती है। सीनियर छात्राओं ने अपने अनुभव जूनियर छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने कॉलेज में बिताए अपने सुनहरे लम्हों को याद करते हुए सबको भावुक कर दिया।