Sunday, January 26निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनाया नंद उत्सव

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के लिटिल हार्ट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया। राधा और कान्हा बने नन्हे-मुन्ने बच्चों में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी प्रो. सुमन चावला ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण 16 कला सम्पूर्ण थे। उन्होंने बचपन में प्रेम भी दिखाया और शरारतें भी की। बड़े होकर गंभीरता से गीता का उपदेश भी दिया। राज्य चलाया। उनके जीवन में बहुत दुख आए लेकिन इसके बावजूद उन्होंने किस तरह जीवन को जिया, यह आज सीखने की जरूरत है। उन्होंने धार्मिक आयोजनों में बढ़ोतरी व नागरिकों में श्रद्धा और विश्वास उत्पन्न होने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब लगने लगा है कि 21वीं सदी में हमारा भारत विश्व गुरु बनेगा। प्रिंसिपल दया गोयल ने कहा कि भारतीय संस्कृति को अक्षुण्य रखने के लिए स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों में धार्मिक भावनाएं और संस्कृति का परिचय होना बहुत जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए जन्माष्टमी के बाद नंद उत्सव मनाया गया है।