Tuesday, June 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

धोखाधड़ी करने के आरोप में पिता-पुत्र नामजद

  • हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। फाइनेंस की किश्तें जमा होने की बात कह साढ़े नौ लाख रुपए में दो ट्रैक्टरों का बेचान करने व बाद में एनओसी जारी करवाने की बात कह ट्रैक्टर मांगकर ले जाने व वापस नहीं लौटाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में पिता-पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार कुलदीप गोदारा (37) पुत्र श्रवण गोदारा निवासी वार्ड 8, जोड़कियां ने लिखित रिपोर्ट दी कि वह 2 दिसम्बर 2017 को हनुमानगढ़ जंक्शन की नई धानमण्डी में जसवन्तराय सिंगला की दुकान पर बैठा था। तभी वहां गुरमेल सिंह पुत्र गुरबचन सिंह व उसके दोनों पुत्र गुरविन्द्र सिंह व गुरपाल सिंह जटसिख निवासी सरदारपुरा जीवन तहसील सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर आए। गुरमेल सिंह ने अपने पुराने जानकार जसवन्तराय सिंगला को बताया कि उसे रुपयों की सख्त जरूरत है। इसलिए वह अपने दोनों ट्रैक्टर बेचना चाहता है। कुलदीप गोदारा के अनुसार उसे अपने कारोबार के लिए ट्रैक्टर की आवश्यकता थी। इसलिए उसने ट्रैक्टर देखने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद उसने दोनों ट्रैक्टर देखकर पसंद कर लिए। तब गुरमेल सिंह ने कहा कि दोनों ट्रैक्टर हर प्रकार से करभार से मुक्त हैं। ट्रैक्टर पर किसी प्रकार का फाइनेंस बकाया नहीं है। उन्होंने फाइनेंस की सारी किश्तें अदा कर दी हैं। एनओसी लाकर वे उसे दे देंगे। उसने गुरमेल सिंह की बात पर विश्वास कर उसे 9 लाख 50 हजार रुपए नकद देकर दोनों ट्रैक्टर खरीद लिए। कुछ समय बाद उसने गुरमेल सिंह से सम्पर्क कर ट्रैक्टरों की एनओसी की लाकर देने का कहा तो गुरमेल सिंह व उसके बेटे बहाने बनाकर टाल-मटोल करने लगे। इस पर उसने पंचायत की तो गुरमेल सिंह वगैरा कहने लगे कि फाइनेंस कम्पनी की ओर से उक्त ट्रैक्टरों पर ऋण बकाया बताया जा रहा है। इसके सम्बंध में उन्होंने फाइनेंस कम्पनी के विरूद्ध कार्यवाही की हुई है। कार्यवाही पूर्ण होते ही एनओसी लाकर दे देंगे। एक दिन गुरमेल सिंह व उसके बेटों ने उससे दोनों ट्रैक्टर यह कहकर वापस मांगे कि एनओसी जारी करवाने के लिए कम्पनी के समक्ष ट्रैक्टरों को पेश करना होगा। इसके बाद ही कम्पनी एनओसी जारी करके देगी। उसने इनकी बात पर विश्वास करते हुए दोनों ट्रैक्टर एनओसी जारी करवाने के लिए इन्हें सुपुर्द कर दिए। कुछ दिन बाद गुरमेल सिंह व उसके दोनों बेटे दोनों ट्रैक्टर यह कहकर वापस दे गए कि फाइनेंस कम्पनी वालों से फाइनेंस सम्बन्धी सेटलमेंट नहीं हो पाने के कारण एनओसी जारी नहीं हो पाई है। इसके कुछ दिन बाद गुरमेल सिंह व उसके बेटे आए और कहा कि उनका फाइनेंस कम्पनी के साथ सेटलमेंट हो गया है। वह एक बार ट्रैक्टर उन्हें दे दे, कागजी कार्यवाही पूर्ण कर वे उसे एनओसी दे देंगे। तब उसने दोनों ट्रैक्टर इन्हें फिर सुपुर्द कर दिए। कुछ दिन बाद जब गुरमेल सिंह वगैरा ने ट्रैक्टर व एनओसी लाकर नहीं दी तो उसने इनसे सम्पर्क किया। तब गुरमेल सिंह वगैरा टोल-मटोल करने लगे। उसने पंचायत की तो गुरमेल सिंह व उसके बेटों ने कहा कि उन्हें तो उससे ठगी करनी थी। वे न तो रुपए लौटाएंगे और न ही ट्रैक्टर। साथ ही कहा कि उन्होंने दोनों ट्रैक्टर किसी अन्य को बेचकर खुर्द-बुर्द कर दिए हैं। पुलिस ने गुरमेल सिंह, उसके बेटों गुरविन्द्र सिंह व गुरपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल जसवंत सिंह को सौंपी है।