Thursday, January 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
दूसरे दिन भी बंद रही उचित मूल्य की दुकानें
by seemasandesh
राशन डीलर पांच सितम्बर तक हड़ताल पर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राशन डिपो होल्डरों की हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। राशन डिपो होल्डरों की हड़ताल के चलते शनिवार को भी उचित मूल्य की दुकानें बंद रही। इस कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां एक तरफ शुक्रवार से राशन डिपो होल्डर मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। वहीं कुछ राशन डिपो होल्डरों ने खुद को हड़ताल से अलग करते हुए शनिवार को भी उचित मूल्य की दुकानें खुली रखीं। हड़ताल का समर्थन कर रहे डिपो होल्डर अमर ज्योति भूतना ने बताया कि राशन डीलर पिछले लम्बे समय से अपनी समस्याओं को लेकर जूझ रहे हैं। आंदोलन की कड़ी में एक सितम्बर से राशन वितरण कार्य का बहिष्कार किया जा रहा है जो पांच सितम्बर तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछले माह राशन डीलरों की ओर से फूड किट वितरण का कार्य नहीं किया गया था। तब राशन डीलरों की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग हुई थी। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर राशन डीलरों ने उचित मूल्य की दुकानें खोलकर फूड किट वितरण का कार्य किया गया। लेकिन मांगों पर गौर नहीं करने के विरोध में राशन डीलरों ने हड़ताल करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राशन डीलरों की ओर से जायज मांगें सरकार से की जा रही हैं। जो उन्हें कमीशन दिया जा रहा है वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। इससे उनके परिवार का गुजर-बसर नहीं हो पा रहा है। सहायक को वेतन व दुकान का किराया भी राशन डीलरों को अपने पास से देना पड़ रहा है। राज्य सरकार की ओर से आठ माह का कमीशन नहीं दिया गया था। अब दो माह का कमीशन जारी किया गया है। अभी भी छह माह का कमीशन शेष है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जो राशन उन्हें दिया जाता है उसमें एक प्रतिशत छीजत भी नहीं दी जा रही। उनकी मांग दो प्रतिशत छीजत देने की है। इसके अलावा न्यूनतम आय 20 हजार रुपए की गारंटी दी जाए। उन्हें समय पर कमीशन का भुगतान हो।