Wednesday, February 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया पोती का जन्मदिन
by seemasandesh
उद्देश्य, बच्चों में हो संस्कारों की वृद्धि और करें जरूरतमंदों की मदद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार देना उनके जीवन के लिए बेहद जरूरी है। बच्चों को संस्कारवान बनाने की पहली नींव दादा-दादी होते हैं। कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश करते हुए टाउन निवासी मुरलीधर शर्मा व गायत्री शर्मा ने अपनी पोती वृतिका का जन्मदिन शनिवार को जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के साथ केक काटकर व उन्हें भोजन करवाकर मनाया। वृतिका के दादा मुरलीधर शर्मा ने बताया कि ऐसी कई संस्थाएं हैं जो जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सहयोग के लिए आगे आ रही हैं। वर्तमान में युवा पीढ़ी जन्मदिन के नाम पर हजारों लाखों-रुपए खर्च कर मनोरंजन करती है। लेकिन उन्होंने बच्चों को शुरू से ही अच्छे संस्कार देने के उद्देश्य से अपनी पोती वृतिका के जन्मदिन को हर वर्ष जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के साथ मनाने का निर्णय लिया है। दूसरी बार वृतिका का जन्मदिन जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के साथ केक काटकर मनाया गया है। इस तरह जन्मदिन मनाने से बच्चों को तो खुशी मिलती ही है। साथ ही संस्कारों में भी वृद्धि होती है। इससे यह बच्चे बड़े होकर सभी को सम्मान नजर से तो देखेंगे ही। साथ ही हर जरूरतमंद के सहयोग की भी पहल करेंगे। वृतिका के जन्मदिन पर उसके पिता अजय शर्मा, माता ज्योति, बहन भव्या शर्मा ने मिलकर जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को केक व भोजन परोसकर खिलाया। वृतिका ने भी आमजन से अपील की कि अपना हर एक खुशी का पल आमजन की सहयता कर ही मनाएं ताकि आपकी खुशी उनकी खुशी से दोगुनी हो जाए।