Saturday, February 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
जयपुर समेत पूरे उत्तर राजस्थान में घना कोहरा
by seemasandesh
सर्द हवा:ठंड का असर बढ़ा, जनवरी में पहले हफ्ते से शीतलहर का अलर्ट जयपुर। राजस्थान में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। जयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में सर्द हवाएं भी चलीं। कोहरे से हाईवे पर जहां लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई, वहीं सर्द हवाओं से कई शहरों में पारा गिरा है। इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा है। मौसम केंद्र जयपुर ने आज से राजस्थान में उत्तरी सर्द हवाओं प्रभाव बढ़ने और 2-3 जनवरी से तापमान और गिरने की संभावना जताई है। जनवरी के पहले सप्ताह से कोल्ड-डे और कोल्ड-वेव(शीतलहर) का दौर शुरू होने का अनुमान भी जताया है। जयपुर की स्थिति देखें तो आज शिवदासपुरा, चाकूस, अजमेर रोड, आगरा रोड समेत कई जगह ग्रामीण एरिया में सुबह घना कोहरा रहा। इन इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रही। सुबह-सुबह ग्रामीण इलाकों में 70-80 मीटर दूरी से व्यक्ति या मकान नजर नहीं आ रहा था। जयपुर में इस सीजन का यह पहला घना कोहरा था। इसी तरह गंगानगर, हनुमानगढ़, पिलानी, सीकर, चूरू, बीकानेर, नागौर, अलवर समेत कई जिलों में भी कोहरे का असर दिखा। सीकर के फतेहपुर में आज न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्दी के सीजन में माउंट आबू के बाद सबसे ज्यादा ठंडा सीकर का फतेहपुर इलाका रहता है, लेकिन आज यहां का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे ठंडे राजधानी जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर जिले रहे। इन शहरों में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम केन्द्र जयपुर से जारी आज रिपोर्ट देखे तो माउंट आबू 2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा एरिया रहा। इसके बाद जोधपुर का फलौदी जहां तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। फलौदी में बीती रात चूरू, सीकर, बीकानेर से भी ठंडी रही और ये शहर की इस सीजन की सबसे ठंडी रात भी रही। कल दोपहर बाद चली सर्द हवाओं ने पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में सर्दी बढ़ा दी। सरहदी जिलों में आज रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान आज 14.1 से गिरकर 10 पर पहुंच गया। इधर, जोधपुर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 9 पर आ गया। इसी तरह गंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर में भी न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरा है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक कोहरा रबी की फसल के फायदेमंद है। इससे फसलों को नमी मिलती है। सिंचाई करने की जरूरत नहीं पड़ती। गेहूं, सरसों, चना, जौ आदि के लिए पानी की कुछ जरूरत इस कोहरे से पूरी हो जाती है। मौसम केन्द्र जयपुर ने जो फोरकास्ट जारी किया है उसमें अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा व कोल्ड डे दर्ज होने की संभावना जताई है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में और 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने और आगामी दिनों में राज्य में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।