श्रीगंगानगर. पंजाब में अपने घर से ग्यारह लाख रुपए लेकर भागे दो युवक गुरुवार को श्रीगंगानगर से पकड़े गए है। पुलिस ने दोनों से 12 ग्राम नशीले पदार्थ के चिट्टे भी बरामद किए है। युवक नशे के आदी हैं। नशे के लिए रुपए की जरूरत थी। उन्होंने घर से एक साइन किया हुआ चैक चुराकर बैंक से रुपए निकलवा लिए। दोनों युवक पड़ोसी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। उनके नशा बेचने या नशे के किसी नेटवर्क से जुड़े होने के बारे में पता लगाया जा रहा है।
पंजाब के मुक्तसर जिले के गिदड़बाहा थाना के गांव भारू निवासी अमरवीर सिंह ( 27 ) पुत्र परविंद्र सिंह और लखवीर सिंह ( 26 ) पुत्र गुरजीत सिंह पड़ोसी हैं। दोनों नशे के शौकीन हैं। उन्हें रुपए की जरूरत थी और नशे के लिए परिवार से रुपए नहीं मिल पा रहे थे। अमरवीर सिंह की दादी ने घर में एक सिग्नेचर किया हुआ ग्यारह लाख रुपए का चैक रखा था। अमरवीर ने इसे चुरा लिया। उसने इसे बैंक में भुगतान के लिए पेश किया। रुपए निकालकर इसे अपने पास रख लिए। इसके बाद दोनों घर से भाग गए और जयपुर में मौज मस्ती की। इस दौरान दोनों ने दो लाख रुपए खर्च कर दिए। वहां से वे वापस श्रीगंगानगर इलाके में आ गए।
पुलिस ने शक होने पर तलाशी ली
श्रीगंगानगर में ओवरब्रिज पर पुलिस को इनकी गतिविधियां देखकर शक हुआ। इस पर इन्हें रोका तो इनके पास 12 ग्राम चिट्टा और 8 लाख 95 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस ने रुपए जब्त कर लिए हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जवाहर नगर थाने के एसआई चंद्रभान ने बताया कि इनके नशा बेचने के काम से जुड़े होने के बारे में भी जांच की जा रही है।