Tuesday, March 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गुरु के बताए मार्ग पर चलने का दिया सन्देश

सीमा सन्देश न्यूज
हनुमानगढ़।
संत शिरोमणी सद्गुरु रविदास महाराज की 646वीं जयंती के उपलक्ष्य में जंक्शन की श्री गुरु रविदास मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में मनाए जा रहे तीन दिवसीय महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को गुरु महाराज का जन्म दिहाड़ा हर्षोल्लास से मनाया गया। सर्वप्रथम गुरुघर में अमृतवाणी के पाठ कर भोग डाला गया। तत्पश्चात लुधियाना से आए दर्शन सिंह रागी जत्थे ने गुरु महिमा का बखान करते हुए गुरु की वाणी से संगत को निहाल किया। उन्होंने संगत से गुरु के बताए मार्ग पर चलते हुए व उनके वचनों को आत्मसात कर जीवन-यापन करने का सन्देश दिया। हनुमानगढ़ से सुखदुआ समाज की छन्नो बाई, मैना बाई, निर्मलसिंह आदि ने भजन गाकर गुरु महाराज का गुणगान किया। कीर्तन समागम के पश्चात गुरु रविदास महाराज की आरती की। गुरुघर के सेवादार श्याम लाल रंगा ने अरदास कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व सरबत के भले की कामना की। कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद हिमांशु महर्षि, बलराज सिंह दानेवालिया, सुमित रणवां, अमित सहू, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा, अधिशाषी अभियंता लखपत राय मेहरड़ा, नेमीचंद वर्मा, हरबंस सिंह, जसवंत सिंह आदि ने शिरकत कर गुरु महाराज के चित्र के समक्ष शीश नवाया। समिति संरक्षक रामचंद जाटव, सोहनलाल अलवारिया, प्रबन्धक कमेटी प्रधान रामपाल जाटव, सचिव विजय कुमार पाल, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र मांडेया, प्रचार मंत्री श्यामलाल रंगा, मनसुखजीत सिंह, रविदास महासभा जिलाध्यक्ष पालसिंह ने अतिथियों व कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सेवादारों का सरोपा पहनाकर व गुरु महाराज का चित्र प्रदान कर सम्मान किया। इस दौरान अटूट लंगर बरताया गया। इस दोरान रामपाल सिंह, हेमचंद मांडेया, पूर्णचंद मांडेया, सतगुरुपाल बंगा, ऋषिपाल, नारायण राम, सुरेंद्र कुमार बौद्ध, तुषारपाल, परविन्द्र कौर, अशोक पाल, अमर सिंह, आदित्य पाल आदि मौजूद थे।