जोधपुर
गाय घर में बेड पर सोती है और बैल घर ऐसे घूमता है जैसे पालतू कुत्ता हो। गाय, बैल व बछड़े को परिवार के सदस्य के रूप में पालते हैं। इनके लिए बेडरूम है, जिसमें पलंग है, नरम गद्दे और मखमली कंबल भी। हम बात कर रहे हैं जोधपुर के पाल रोड सुभाष नगर निवासी प्रेम सिंह कच्छवाह और उनकी पत्नी संजू कंवर की। क्षेत्र में काऊ घर के नाम से प्रसिद्ध है। संजू कंवर का यह परिवार सोशल मीडिया पर भी फेमस है। इंस्टाग्राम पर इस परिवार का एक पेज भी है।
घर में गाय एक पशु नहीं बल्कि पारिवारिक सदस्य की तरह रहती है। बछड़े की उम्र 1 साल है। इस बछड़े का नाम उन्होंने पृथु रखा है। संजू कंवर ने बताया कि सुबह वे अपने बछड़े को चारा खिलाकर स्नान करा देती है। इसके बाद जैसे ही वह सूखता है, सीधा कमरे में जाकर पलंग पर चढ़ जाता है। वहां पर करीब 2 घंटे विश्राम करता है।