मकान मालिक व परिवार के सदस्य गए थे खेत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मकान मालिक व उसके परिवार के सदस्य नरमा चुगाई करने के लिए खेत गए थे। पीछे से घर में घुसे चोर सूने पड़े मकान का ताला तोड़ नकदी-जेवरातों व बर्तनों के अलावा अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामला जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव मक्कासर का है। जंक्शन पुलिस थाना में अज्ञात जने के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रेमराज (45) पुत्र मूलचन्द कुम्हार निवासी वार्ड 10, गांव मक्कासर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 21 सितम्बर को सुबह करीब 8.30 बजे वह व परिवार के सदस्य मकान को ताला लगाकर नरमा चुगाई करने खेत चले गए। पीछे से घर में घुसे अज्ञात व्यक्ति मकान में घुसकर कमरे में रखी अलमारी में से सोने की मोहर, मंगल सूत्र, सोने का कड़ा, सोने की अंगूठी, सोने की चेन, सोने की चूड़ी, चांदी की 2 चेन, चांदी की पायजेब, चांदी का कड़ा व 85 हजार रुपए की नकदी के अलावा 1 टोपिया, 4 थाली, 6 गिलास, पीतल के बर्तन, टेम्पो की बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। शाम करीब 5 बजे वे खेत से घर पर आए तो मकान व अलमारी के ताले टूटे हुए थे तथा उक्त सामान, सोने-चांदी के गहने, रुपए एवं बर्तन वगैरा गायब थे। उसने चोरी हुए सामान की काफी तलाश की मगर कोई पता नहीं चला। पुलिस ने अज्ञात जने के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल राजेन्द्रसिंह के सुपुर्द की है।