बीकानेर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बीकानेर में जगह जगह आयोजन हुए। स्कूल्स में सरकारी आदेश पर गीत गाये गए, वहीं कांग्रेस के अग्रिम संगठनों ने गांधी व शास्त्री को याद किया।
राज्य सरकार के आदेश पर रविवार को अवकाश के दिन भी स्कूल्स खुले रहे। इस दौरान “वैष्णो जन तेने कहिए”, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल., रघुपति राघव राजाराम जैसे गीत एक साथ, एक स्वर में गाये। बीकानेर के सैकड़ों स्कूल के हजारों स्टूडेंट्स ने अपने अपने स्कूल में ग्यारह बजे गीत गाया। हालांकि कुछ स्कूलों में नौ बजे से ही कार्यक्रम शुरू हो गया था। आमतौर पर निजी स्कूल इन कार्यक्रमों से दूर रहते हैं लेकिन रविवार को अवकाश के बावजूद निजी स्कूल्स में भी ये आयोजन हुए। बीकानेर के सोफिया स्कूल, बाफना स्कूल, बीबीएस, आरएसवी, विक्टोरियस स्कूल, नालन्दा पब्लिक स्कूल, विवेक बाल निकेतन, विंग्स इंटरनेशनल, बाल गोविन्दम् के साथ ही मुरलीधर व्यास नगर स्थित महात्मा गांधी स्कूल, एमएम इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित लगभग सभी स्कूल्स में एक साथ ये कार्यक्रम हुआ। जस्सूसर गेट पर कांग्रेस सेवादल के कार्यालय में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो महिलाओं ने लगातार चरखा चलाया। इस दौरान सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला ने मोबाइल के माध्यम से संबोधित किया। वहीं शहर अध्यक्ष अनिल व्यास ने भी विचार रखे। पूर्व पदाधिकारी नरसिंह व्यास ने संगठन को बिना किसी अहंकार के आगे बढ़ाने की अपील की। सेवादल के वीरेंद्र किराडू, जाकिर नागौरी, कांग्रेस नेता साजिद सुलेमानी, शिव शंकर हर्ष आदि ने भी सम्बोधित किया। शहर कांग्रेस की ओर से भी गांधी व शास्त्री को याद किया गया। गांधी पार्क में सुबह से लोग महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने पहुंच रहे हैं। वहीं इंजीनियरिंग कॉलेज में टीचर्स व नॉन टीचिंग स्टॉफ ने श्रमदान किया। बीकानेर के विश्वविद्यालयों में हाल ही में बने संविधान पीठ और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित किए गए।