Tuesday, January 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक साल से लटकी फाइल, अध्यक्ष बैठीं धरने पर

  • भविष्य सुधार विकास सेवा संस्थान के उद्देश्य में बदलाव के लिए किया था आवेदन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    भविष्य सुधार विकास सेवा संस्थान के उद्देश्य में बदलाव के संबंध में लगाई गई फाइल पिछले करीब एक साल से अधरझूल में लटकी होने से नाराज संस्थान की अध्यक्ष मोनिका जांगिड़ ने शुक्रवार को जंक्शन स्थित उप रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। मोनिका जांगिड़ ने आरोप लगाया कि उप रजिस्ट्रार की ओर से बिना रिश्वत के संस्थान की फाइल को सिरे नहीं चढ़ने दिया जा रहा। वह उप रजिस्ट्रार कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाकर थक चुकी है। अब मजबूरी में धरना शुरू करना पड़ रहा है। उधर, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने धरनास्थल पर पहुंचकर धरने पर बैठी मोनिका जांगिड़ की बात सुनी। भविष्य सुधार विकास सेवा संस्थान अध्यक्ष मोनिका जांगिड़ ने बताया कि संस्थान में कुछ नए उद्देश्य जोड़े जाने थे। इस संबंध में उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां एवं रजिस्ट्रार संस्थाएं कार्यालय में फाइल लगाई गई। शुरुआती तीन-चार माह तक संस्थान की ओर से गौर नहीं किया गया। लेकिन अब पिछले नौ माह से वह उप रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पहले तो अधिकारियों की ओर से कहा गया कि उप रजिस्ट्रार कार्यालय में उद्देश्य बदलने का कार्य नहीं होता। इसके लिए वे समाज कल्याण विभाग जाएं। इस पर उन्होंने संविधान में संशोधन के बारे में कहा तो अधिकारियों का जवाब था कि यह कार्य कोर्ट का है। इसके बाद हड़ताल से लौटे बाबू ने वह कार्य कर दिया। फाइल उप रजिस्ट्रार के पास पहुंची तो उन्होंने फाइल इधर-उधर कर दी और तीन-चार माह का समय निकाल दिया। इसके बाद कार्यालय के ही स्टाफ के कहने पर उप रजिस्ट्रार ने फाइल तो निकाल दी लेकिन साथ ही कहा कि फाइल सही नहीं है। इसमें कई तरह की कमियां हैं। यह कहकर कई बार फाइल वापस भेज दी। जबकि वह फाइल सरकारी कर्मचारियों की ओर से तैयार की गई है। मोनिका जांगिड़ के अनुसार सरकार की ओर से दिव्यांग व मंदबुद्धि बच्चों के लिए संस्थान को भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए दस्तावेज मांगे गए हैं। लेकिन उप रजिस्ट्रार की ओर से फाइल दबाकर रखी हुई है। इस कारण वह दस्तावेज पूरे नहीं कर पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ वही नहीं अन्य संस्थाएं भी उप रजिस्ट्रार की दादागिरी से परेशान हैं। क्योंकि उप रजिस्ट्रार कार्यालय में बिना रिश्वत के काम नहीं होता। मजबूर होकर उप रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने धरना लगाना पड़ा है। मोनिका जांगिड़ ने कहा कि उसने संस्था का कार्य करवाने के लिए उप रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर लगा-लगाकर चार चौड़ी चप्पलें तोड़ दी। अब उप रजिस्ट्रार कर रहे हैं यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मोनिका जांगिड़ के अनुसार जब तक संस्था का कार्य नहीं होता तब तक धरना जारी रहेगा।