Tuesday, June 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक दिन मंडी बंद रहने के बाद अगले दिन गेहूं की सरकारी खरीद हुई शुरू

  • जंक्शन अनाज मंडी में गुरमीत सिंह की ढेरी से शुरू हुई खरीद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    समर्थन मूल्य पर खरीद प्रक्रिया में शिथिलता मिलने के बाद शुक्रवार को जंक्शन धानमंडी में गेहूं की सरकारी खरीद हो गई। भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों की ओर से किसान गुरमीत सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव मक्कासर से करीब डेढ़ सौ क्विंटल गेहूं की एमएसपी 2125 प्रति क्विंटल पर खरीद कर खरीद प्रक्रिया की विधिवत शुरूआत की गई। वैल्यू कट के आधार पर आगे किसान को भुगतान किया जाएगा। किसान गुरमीत सिंह को व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से पगड़ी पहनाई गई। गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने पर किसानों ने राहत की सांस ली। एक-दूसरे को मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। व्यापारियों का कहना था कि आंदोलन में किसान-मजदूर व व्यापारियों ने सहयोग किया। आखिरकार सबकी एकजुटता काम आई और सरकार स्तर पर खरीद नियमों में छूट प्रदान की गई। इस दौरान कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा, एफसीआई के क्यूआई अशोक शर्मा, खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष सुमित रणवां, व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल, महावीर सहारण, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष गोदारा, जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, पदमचन्द जैन, रघुवीर वर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, ओम स्वामी सहित कई अन्य व्यापारी-किसान मौजूद रहे। व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने बताया कि एक मांग को छोड़कर राज्य सरकार की ओर से शेष मांगें मान ली गई हैं। इस पर व्यापारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। एफसीआई के क्यूआई अशोक शर्मा ने बताया कि करीब दो सौ किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य व अपनी फसल का वाजिब दाम मिले, यही भारत सरकार का उद्देश्य है। ज्यादा से ज्यादा किसान इस योजना का लाभ उठाएं। असमय बारिश के कारण फसल को नुकसान हुआ है। उसको ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की ओर से शिथिलता प्रदान की गई है। शिथिलता प्रदान करते हुए गेहूं की खरीद की जाएगी। एफसीआई के गेहूं की सरकारी खरीद के लिए सभी संसाधन उपलब्ध हैं। भण्डारण-बारदाना की व्यवस्था है। अधिक से अधिक किसान अपनी गेहूं मंडी में लाकर समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं।