बीकानेर
देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ बीकानेर पहुंच गए हैं। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नाल एयरफोर्स पहुंचे धनकड़ यहां से हेलीकॉप्टर से मुकाम पहुंच गए हैं। खास बात ये रही कि धनकड़ के साथ कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी भी दिल्ली से साथ आए हैं। उपराष्ट्रपति और तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ विशेष विमान से डूडी के बीकानेर तक आने से राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा मिली है।
रविवार सुबह धनकड़ के साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और कैलाश चौधरी के अलावा डूडी भी उतरे। भारतीय सेना के इस विशेष विमान में उपराष्ट्रपति के साथ डूडी को देखकर स्थानीय भाजपा नेता थोड़े असहज हुए। वैसे डूडी और धनकड़ के पुराने पारिवारिक व राजनीतिक संबंध बताए जाते हैं। डूडी बीकानेर से मुकाम के लिए भी धनकड़ के साथ हेलीकॉप्टर से साथ ही गए। उनके साथ ही केंद्रीय मंत्री भी है। धनकड़ सिविल एयरपोर्ट पर नहीं आए, बल्कि भारतीय वायुसेना की हवाई पट्टी पर उतरे। यहां पर वायुसेना के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और सलामी भी दी। बाद में वो स्वागत के लिए आए भाजपा नेताओं से मिले। जिसमें शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, लूणकरनसर विधायक सुमित गोदारा, पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, वरिष्ठ नेता मोहन सुराना आदि शामिल थे।
नोखा की राजनीति को क्या संकेत?
उपराष्ट्रपति की इस यात्रा में नोखा के लोग राजनीतिक संकेत ढूंढते रहे। जबकि उपराष्ट्रपति का पद संवैधानिक है, ऐसे में वो किसी राजनीतिक दल से नहीं होते। दरअसल, धनकड़ के साथ दिल्ली से नोखा के पूर्व विधायक रामेश्वर डूडी आए। डूडी वर्तमान में कांग्रेस के नेता है और एक सरकारी बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। वहीं जाते हुए धनकड़ अपने विमान में नोखा के वर्तमान विधायक बिहारीलाल बिश्नोई को ले गए। बिहारी भाजपा से विधायक हैं। मुकाम से देशनोक और देशनोक से नाल तक बिहारी बिश्नोई उनके सरकारी विमान में साथ रहे।