Tuesday, March 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

उदयपुर की जेल में पड़े हैं पीड़ितों के 54 लाख रुपये, प्रशासन ढूंढ रहा है पता

उदयपुर

उदयपुर संभाग की जेलों में एक अजीब मामला सामने आया है। जेल प्रशासन को वो 1640 पीड़ित परिवार नहीं मिल रहे हैं जिन्हें 54 लाख रुपए अदा करने हैं। यह रकम 23 सालों से बकाया है। दरअसल अपराध के कारण जेल में बंद कैदियों से काम करवाया जाता है। उस काम के मेहनताने का कुछ हिस्सा अपराध के कारण पीड़ित परिवार को भी दिया जाता है। लेकिन उदयपुर जेल प्रशासन को वो परिवार नहीं मिल पा रहे हैं।

बकाया हैं 54 लाख रुपये

यह सिर्फ उदयपुर की सेंट्रल जेल और संभाग के जेलों की स्थिति है। राज्य में यह आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता है। जेल प्रशासन इन पीड़ित परिवारों को ढूंढ रहा है। 1640 पीड़ित परिवारों के कुल 54 लाख 31 हजार 702 रुपए जेल प्रशासन के पास पड़े हैं। इनमें कुछ केस ऐसे हैं जिनमें बकाया 23 साल पुराना है। जेल प्रशासन ने ऐसे पीड़ित परिवारों का पता लगाकर करीब 1200 लोगों को पत्र जारी किए हैं। 439 परिवारों के बारे में संबंधित थानों से सूचना मांगी गई है।

जेल प्रशासन ने मांगी विस्तृत जानकारी

सेंट्रल जेल उदयपुर ने एक अपील जारी की है कि अपराध से ग्रसित पीड़ित का अपराधी अगर जेल में है तो अपने बारे में विस्तृत जानकारी जेल प्रशासन को दें। विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भी भेज सकते हैं। यह राशि उनके खातों में सीधे ही ट्रांसफर कर दी जाएगी।