श्रीगंगानगर. ईंट भट्ठा मजदूर यूनियन ने शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। वक्ताओं का कहना था कि ईंट भट्ठा मजदूरों को सुविधाएं नहीं मिल रही है। उनकी मजदूरी हर साल बढ़ती है लेकिन इस बार इसमें वृद्धि नहीं की गई है। इससे मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ईंट भट्ठों के नजदीक स्कूल नहीं होने से ईंट भट्ठा मजदूरों के बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं। इसके अलावा ईंट भट्ठा मजदूरों को वन नेशन वन राशन कार्ड का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ईंट भट्ठा लेबर यूनियन के प्रदेश महामंत्री वीएस राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल ही में बजट में जरूरतमंदों को राशन किट देने की बात कहीं है। इसका लाभ ईंट भट्ठा मजदूरों को भी मिलना चाहिए। इसके साथ ही ईंट भट्ठा मजदूरों को बिजली भी मुफ्त मिलनी चाहिए, जिससे कि गरीब परिवार अपना भरण पोषण सही तरीके से कर पाए। प्रदर्शन को श्रमिक नेता प्रकाश,मोहनलाल आदि ने संबोधित किया। इससे पहले ईंट भट्ठा मजदूर नेहरू पार्क में एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने वहां सभा की और एडीएम उम्मेदसिंह रत्नू को ज्ञापन सौंपा।