सूरत की एक महिला से रेप के मामले में 81 साल के आसाराम को गुजरात के गांधीनगर सेशन कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई। इससे पहले जोधपुर कोर्ट ने 25 अप्रैल 2018 को एक नाबालिग से रेप के मामले में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तभी से वह जोधपुर जेल में बंद है। उसका बेटा नारायण साईं भी रेप केस में आजीवन सजा काट रहा है।
एक समय था, जब आसाराम के आश्रम में चौबीसों घंटे भीड़ लगी रहती थी। लोग दूर-दूर से आश्रम पहुंचते थे। उसके दर्शन के लिए लोग घंटों खड़े रहते थे। नेता से अभिनेता तक उसके दरबार में माथा टेकते थे। चार दशक के भीतर ही उसने 10 हजार करोड़ रुपए का साम्राज्य बना लिया।
आसाराम और नारायण साईं के जेल में जाने के बाद सवाल उठा कि इस सम्राज्य का वारिस कौन होगा? आसाराम के 400 से ज्यादा आश्रमों का प्रबंधन कौन करेगा? क्या अभी भी आसाराम से भक्त जुड़े रहेंगे? इन सब सवालों का जवाब बनकर उभरी है आसाराम की बेटी भारती देवी। जिसे ‘भारतीश्री’ और ‘श्रीजी’ के नाम से पहचाना जाता है।
कई साल पहले ‘संत श्री आसाराम ट्रस्ट’ बना था। इसका मुख्यालय अहमदाबाद में है, लेकिन आसाराम ने देश-विदेश में जितने भी आश्रम, स्कूल या बाकी संस्थान बनाए हैं, उनकी देखरेख इसी ट्रस्ट के जरिए भारती देवी कर रही हैं। भारती पिछले 19 सालों से आश्रमों और ट्रस्ट को मैनेज कर रही हैं, लेकिन हमेशा लाइम लाइट से दूर रही हैं। आसाराम के फॉलोअर्स के बीच उनकी अच्छी इमेज भी है।
पर्दे के पीछे भारती देवी की भूमिका
साल 2004, ये वो वक्त था जब आध्यात्म की दुनिया में आसाराम का नाम शिखर पर था। उनके बेटे नारायण साईं भी देश भर में होने वाले आध्यात्मिक आंदोलनों के केंद्र में थे। इसी साल आसाराम के आध्यात्मिक मंच पर भारती देवी की एंट्री हुई। धीरे-धीरे वे आसाराम के सत्संग में भी आने लगीं। आसाराम के फॉलोअर्स के बीच उनका प्रभाव बढ़ने लगा।
भारती देवी का सबसे बड़ा हुनर है किसी भी बात को आसानी से लोगों के दिमाग में बिठा देना। फिर भी भारती देवी की चर्चा बाहर की दुनिया में कम ही होती थी, क्योंकि लोगों का ध्यान आसाराम और नारायण साईं पर ज्यादा रहता था।
साल 2013 में गिरफ्तारी से चर्चा में आईं थीं भारती देवी
2013 में आसाराम और नारायण साईं के मुश्किल भरे दिनों की शुरुआत हुई। यौन शोषण के एक मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसी दौरान पहली बार उनकी बेटी भारती देवी का नाम सुर्खियों में आया। भारती देवी और उनकी मां लक्ष्मी देवी को भी दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सूरत की युवती से रेप मामले में आसाराम के बाद भारती देवी दूसरी आरोपी थीं, जबकि आसाराम की पत्नी लक्ष्मीबेन तीसरी आरोपी थीं। हालांकि कोर्ट ने 31 जनवरी 2023 को दिए फैसले में भारती देवी और लक्ष्मीबेन को निर्दोष करार दिया। आसाराम और नारायण साईं को जेल हुई तो 2013 में ही भारती देवी ने आसाराम की गद्दी संभाल ली।
लोगों को भाव-विभोर कर देने वाली पिता की शैली अपनाई
आसाराम के प्रवचनों के दौरान भारती देवी भजन गाया करती थीं। इसके कई वीडियो भी सामने आ चुके हैं। पिता की तरह ही अपनी स्पीच से लोगों को भाव-विभोर कर देने शैली, भारती देवी की खासियत है। इसी के चलते उनके आसपास भी लोगों की भीड़ रहती है।
भारती देवी को महंगी कारों का शौक है, लेकिन आश्रम में संदिग्ध गतिविधियों और आसाराम और नारायण साईं के जेल जाने के बाद उन्होंने अपनी जीवन शैली में भारी बदलाव कर लिया है।
अब उन्होंने लोगों के बीच सीधा संपर्क कम कर दिया है और टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। भारती देवी अहमदाबाद के आश्रम में रहती हैं और यहां होने वाली आरती में नियमित रूप से शामिल होती हैं। उनके प्रवचन भी सोशल मीडिया हैंडल के जरिए से जनता तक पहुंचाए जाते हैं। ताकि आसाराम के बनाए साम्राज्य की नींव को कमजोर होने से रोका जा सके।