बीते कुछ दिनों से ‘बुली बाई’ ऐप लगातार सुर्खियों में है। इस ऐप से जुड़े लगातार कई खुलासे हो रहे हैं। अब बुली बाई केस में गिरफ्तार आरोपी श्वेता सिंह के परिवार वालों का कहना है कि वो अभी कुछ ही समय पहले ही 18 साल की हुई है। उसको न तो किसी से कोई मतलब था और न ही वो किसी भी गलत काम में पड़ती थी। उसे सोशल मीडिया पर एक लड़का मिला था, जिसके कहने पर उसने अकाउंट बनाया था।
दरअसल, मुंबई पुलिस ने ‘बुली बाई’ ऐप के सिलसिले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मुस्लिम महिलाओं की तस्वीर ऑनलाइन पोस्ट कर उन्हें बदनाम किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अपने ट्विटर हैंडल में सिख समुदाय से संबंधित नामों का इस्तेमाल किया था, जिससे कि लोगों को गुमराह किया जा सके और आरोपियों की पहचान न हो पाए।
इस संबंध में साइबर यूनिट द्वारा उत्तराखंड से गिरफ्तार की गई 18 वर्षीय महिला श्वेता सिंह मुख्य आरोपी है। जिसने ऐप का ट्विटर हैंडल बनाया था। उन्होंने दावा किया कि श्वेता ने 12वीं की परीक्षा पास की है और वह इंजीनियरिंग करने का प्लान बना रही थी।