नई दिल्ली
दिल्ली के आरके पुरम क्षेत्र में स्थित एकता विहार स्लम इलाके में बुधवार देर रात दम घुटने की शिकायत व आंखों में जलन मचने से अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को फोन किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल पांच लोगों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सूचना मिलने पर देर रात ही मौके पर पहुंच गए थे। लोगों ने क्षेत्र में जहरीली गैस फैलने का दावा किया है। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
पुलिस ने बताया कि देर रात जहरीली गैस के संपर्क में आने से आंखों में जलन की शिकायत के बाद पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दमकल विभाग की गाड़ियां, दो एम्बुलेंस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम मौके पर पहुंच चुकी हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।
पुलिस ने बताया कि एकता विहार क्षेत्र में कहीं भी गैस सिलेंडर से आग लगने या कहीं से भी धुआं उठने की शिकायत नहीं आई है। फिर भी जरूरी कार्रवाई की जा रही है। देर रात तक एकता विहार में हड़कंप मचा हुआ था और लोग अपने घरों से बाहर निकले हुए थे।