हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में जिले की खुइयां पुलिस ने एक महिला सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है। खुइयां पुलिस थाना प्रभारी विजेन्द्र शर्मा ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार एवं जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना में दर्ज मुकदमा नम्बर 91/2021 धारा 306 भादंसं में अनुसंधान के बाद आरोपी रामकुमार (35) पुत्र कानाराम नायक और सिलोचना (49) पत्नी भानीराम मेघवाल निवासी भगवानसर पुलिस थाना खुइयां को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि महावीर पुत्र मनीराम मेघवाल निवासी भगवानसर ने 2 सितम्बर को रिपोर्ट दी कि सिलोचना व रामकुमार ने उसकी पुत्री प्रियंका को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण में तफ्तीश के दौरान मृतका प्रियंका की ओर से लिखे गए सुसाइड नोट की लिखावट का मिलान मृतका प्रियंका के स्कूल से लिखावट का रजिस्टर प्राप्त कर सुसाइड नोट व प्राप्त रजिस्टर की लिखावट का मिलान एफएसएल जोधपुर से करवाया गया। मृतका प्रियंका के सुसाइड नोट व रजिस्टर की लिखावट का मिलान होने पर व पुलिस तफ्तीश से जुर्म धारा 306 भादंसं प्रमाणित पाए जाने पर रामकुमार व सिलोचना को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी विजेन्द्र शर्मा, एएसआई रामचरण, कांस्टेबल दीवान सिंह और पवन शामिल थे।