जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने बुधवार को यहां पहुंचकर उप जिला चिकित्सालय सहित नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय में दवा वितरण खिड़की व जांच केंद्र की अव्यवस्था पर असंतोष जताया, वहीं अनाज मंडी में गेहूं खरीद के लिए कटे फटे बारदाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर दीनानाथ बब्बल, उपखंड अधिकारी भरत जयप्रकाश मीणा, तहसीलदार विनोद कड़वासरा तथा सिटी थानाधिकारी दिनेश सारण आदि अधिकारी भी साथ रहे। कलेक्टर ने चिकित्सालय के ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, दवा वितरण केंद्र, जांच प्रयोगशाला, भर्ती वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बीसीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल व प्रभारी डॉ. नीरज सुखीजा से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण खिड़की की व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने असंतोष जताया। उन्होंने पाया कि मरीजों को झुककर दवा लेनी पड़ रही है और अंदर कार्यरत कर्मचारी को भी असुविधा हो रही है। इस पर उन्होंने खिड़की की ऊंचाई व व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए, ताकि विशेषकर बुजुर्ग मरीजों को राहत मिल सके। यादव ने जांच प्रयोगशाला के बाहर अधिक भीड़ को भी गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को अनावश्यक इंतजार से बचाने के लिए प्रबंधन में सुधार जरूरी है। प्रसूति व जच्चा-बच्चा वार्ड के निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन डिलीवरी के कम मामलों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
Leave a Reply