इस हफ्ते अमेरिका में एक अजीबो-गरीब घटना हुई है। पूर्वी टेक्सास के टेक्सरकाना शहर में अचानक आए तूफान के साथ मछलियों की बारिश हुई। इससे लोग हैरान रह गए। जब वे घरों से निकल कर सड़कों पर गए तो चारों तरफ मछलियां पड़ी हुई मिलीं। बाद में शहर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर बताया गया कि यह कोई जादू नहीं था। इस दुर्लभ घटना को साइंस में ‘एनिमल रेन’ कहा जाता है।
क्या होती है एनिमल रेन?
एनिमल रेन का मतलब आसमान से जीवों का गिरना है। यह दुर्लभ घटना तब होती है, जब तालाब या झील जैसी जगहों के किसी हिस्से में बवंडर बनता है। अंग्रेजी में इसे वॉटर स्पाउट्स कहा जाता है। इस बवंडर में ऐसा साइक्लोन (चक्रवात) बनता है जो पानी के साथ-साथ उसमें मौजूद पौधों और छोटे जानवरों को भी खींच लेता है।
जैसे-जैसे बवंडर शक्तिशाली बनता जाता है, वैसे-वैसे जानवरों को अपनी चपेट में लेता जाता है। इसके बाद ये तूफान के साथ जमीन की ओर बढ़ता है। तूफान के कमजोर होने पर बवंडर में मौजूद जीव हवा से जमीन पर गिरने लगते हैं। इससे ऐसा लगता है मानो आसमान से जीवों की बारिश हो रही हो।