अनूपगढ. अनूपगढ़ में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। घना कोहरा और धुंध होने के कारण विजिबिलिटी बहुत ही कम हो चुकी है। क्षेत्र में घना कोहरा होने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालक दिन में भी लाइट जला कर वाहन चलाने पर रहे हैं और वाहनों की गति घनी धुंध के कारण थम सी गई है। हालांकि इस कोहरे और धुंध के कारण फसलों को लाभ मिलने की पूरी संभावना है। बढ़ती ठंड के कारण जन जीवन भी प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि हवा की गति धीमी पड़ने और नमी से धुंध की चादर बिछ गई है।
पिछले 4 दिन का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अनूपगढ़ में 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा है। 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। 4 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, 5 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा है और आज 6 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
घने कोहरे में यह रखे सावधानियां
थानाधिकारी फूलचंद शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में घना कोहरा होने के कारण हमें विशेष सावधानियां रखनी चाहिए। सुबह व रात के वक्त वाहन धीरे व ध्यान से चलाएं। जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें।आगे जा रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें।पीली लाइट व पार्किंग लाइट जरूर जलाएं। वाहन को खड़ा करने के समय बिल्कुल सड़क के नीचे उतार कर लगाएं। खड़े वाहन की भी पार्किंग लाइट जला कर रखें।गन्ने, लकड़ी व अन्य सामान से भरी ट्रालियां धुंध में सड़क पर लाने से गुरेज करें।
फसलों को मिलेगा लाभ
घना कोहरा होने के कारण खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसल को लाभ मिलने की संभावना है। किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में खड़ी फसल को सिंचाई पानी की आवश्यकता है मगर कोहरा होने के कारण सिंचाई पानी की कमी पूरी हो रही है। इस कोहरे से फसलों को लाभ मिलने की संभावना है।
कोहरे के कारण विजिबिलिटी हुई कम
क्षेत्र में कोहरा छाने के कारण विजिबिलिटी 9 मीटर से भी कम हो गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को बहुत अधिक परेशानी हो रही है। जिससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर काफी धीमी गति में अपने वाहन चलाने पर रहे हैं।